पिथौरागढ़। घाट पंपिंग पेयजल योजना का पाइप गुरना के पास फटने से पिथौरागढ़ नगर के 60 फीसदी हिस्से में दो दिन से पेयजल की सप्लाई ठप है। बताया गया कि शुक्रवार रात यह पाइप फट गया था। इस कारण शनिवार को नलों में पानी नहीं आया।
जल संस्थान ने शनिवार शाम पाइप को एक बार जोड़ा था, लेकिन पानी चलाते ही वह फिर से फट गया। इस कारण रविवार को भी पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। दो दिन से पेयजल सप्लाई ठप होने के कारण यहां हाहाकार की स्थिति पैदा हो गई है। जल संस्थान ने सड़क के किनारे स्थित मोहल्लों में टैंकरों से पानी का वितरण किया, लेकिन सड़क से दूर के मोहल्लों में लोग गंभीर संकट में हैं।
जल संस्थान ने पेयजल संकट की स्थिति को देखते हुए सभी सार्वजनिक स्टैंड पोस्ट में लगातार पानी की सप्लाई की है लेकिन उनमें भीड़ इतनी है कि लोगों को एक घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। दो दिन से पेयजल सप्लाई बाधित होने से लोगों में भारी गुस्सा है। उनका कहना है कि जब अभी से संकट गहराने लगा है तो आगे स्थिति और गंभीर हो जाएगी।
घाट पंपिंग योजना का पानी नगर के खड़कोट, सेरा, लुंठ्यूड़ा, घंटाकरण, बजेटी, जीआईसी मार्ग समेत कई अन्य इलाकों में वितरित किया जाता है, जबकि ठुलीगाड़ पंपिंग योजना के पानी से भाटकोट, जाखनी, रई मोहल्लों में सप्लाई दी जाती है। जल संस्थान के अवर अभियंता सीएम चनकन्याल ने बताया कि यह समस्या अचानक पाइप लाइन फटने के कारण पैदा हुई है। उन्होंने बताया कि पाइप लाइन को जोड़ने का काम चल रहा है। सोमवार से सप्लाई सामान्य होने की उम्मीद है।