झूलाघाट (पिथौरागढ़)। महाकाली की आवाज संगठन ने पंचेश्वर बांध के विरोध में फिर से पुतला फूंका। रविवार को यहां पीपलचौक पर एकत्रित लोगों ने कहा कि बांध की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट में जो खामियां हैं वह एक-एक कर सामने आने लगी हैं। पुतला दहन के समय लोग हाथों पर देव मंदिरों के झंडे लेकर पहुंचे थे। कहा कि केंद्र सरकार को बांध निर्माण का प्रस्ताव वापस लेना होगा और लोगों को मन में पैदा संशय को समाप्त करना होगा।
पुतला दहन के समय मौजूद व्यापारी केशव दत्त जोशी ने कहा कि अब साबित हो गया है कि बांध का सर्वे करते समय किस तरह की लापरवाही बरती गई थी। केंद्र सरकार ने भी इसी गलत सर्वे को मंजूरी दे दी थी। व्यापारी दिनेश गड़कोटी ने कहा कि बांध का सर्वे और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट महानगरों में बंद कमरों में बैठकर तैयार की गई थी। इस सर्वे में आम लोगों की तकलीफ को सामने लाने का कोई प्रयास नहीं किया गया है।
पुतला फूंकने वालों में राजेंद्र प्रसाद भट्ट, त्रिलोचन खर्कवाल, गिरीश पंगरिया, नवीन भट्ट, मनोज गड़कोटी, गोपाल जोशी, विप्लव भट्ट, हेम पंत आदि उपस्थित थे। अब क्षेत्र के लोगों ने विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी रखने का फैसला लिया है।