पिथौरागढ़। डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय आगरा में 30 सितंबर से नौ अक्तूबर तक आयोजित राष्ट्रीय सेवायोजना के परेड शिविर में भाग लेकर लौटे छात्रों का यहां सम्मान किया गया। यह शिविर गणतंत्र दिवस की पूर्व तैयारी के लिए आयोजित किया गया था।
पिथौरागढ़ कॉलेज की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सरोज वर्मा को प्रदेश सरकार ने कार्यक्रम अधिकारी नियुक्त कर छात्रों के साथ भेजा था। इसमें पिथौरागढ़ कॉलेज से गणेश राणा और पवन सिंह, रामनगर से ललिता और अक्षय, रुद्रपुर से भावना, द्वाराहाट से मीरा, हल्दूचौड़ से सुनीता, देवकुल हरिद्वार से कमलरानी और रीतेश, कोटद्वार से अलका, गुरुकुल कांगड़ी से मोनू और आशीष, टिहरी से सचिन, संस्कृत महाविद्यालय हरिद्वार से विपिन जोशी, रुड़की से छाया ने हिस्सा लिया।
शिविर से लौटकर सभी विद्यार्थी पिथौरागढ़ कॉलेज पहुंचे। यहां पर डॉ. नरोत्तम जोशी, डॉ. एनएस बनकोटी, डॉ. प्रेमलता, डॉ. पुष्कर सिंह, डॉ. विपिन जोशी, डॉ. हेम पांडे आदि ने उनका स्वागत किया। प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने विद्यार्थियों से अपील की कि वह स्वच्छता, अनुशासन पर विशेष ध्यान दें।