पिथौरागढ़। पंचशूल ब्रिगेड के अधीन कार्यरत सेना की एकता शक्ति बटालियन के जवानों ने कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर व्यापक सफाई अभियान चलाया। यात्रा मार्ग पर लिपुलेख, नाभीढांग, गुंजी और कालापानी तक सफाई के लिए सेना के जवानों का दल पहुंचा। 16 सितंबर से शुरू हुए इस अभियान का सोमवार को समापन हो गया। सेना के जवानों ने यात्रा मार्ग से कचरा एकत्र कर नियोजित तरीके से निस्तारित किया।
सेना की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान छावनी क्षेत्र में भी विशेष सफाई की गई। कैलाश यात्रा मार्ग के दुर्गम इलाकों में यह अभियान चलाना काफी कठिन था, लेकिन जवानों ने साहस का परिचय देकर इसे पूरा किया।
सेना के जवानों ने कचरा निस्तारण के लिए विभिन्न स्थानों पर वाहन तैनात किए थे और उच्च हिमालयी क्षेत्र से एकत्र यह कचरा वाहनों में भरकर निस्तारण के लिए लाया गया। कैलाश यात्रा मार्ग पर यात्रा सीजन में लोगों की काफी आवाजाही रहती है। यात्रियों के साथ मजदूर और घोड़े वाले भी चलते हैं। इस कारण सावधानी के बावजूद कचरा और गंदगी फैल जाती है। सेना के जवानों के इस साहसिक प्रयास की अधिकारियों ने सराहना की है।