कनालीछीना (पिथौरागढ़)। पिछले पांच वर्ष से सड़क के लिए कटी जमीन का मुआवजा नहीं मिलने से भौतड़ी, लीमाटौड़ा और बिछट्टा के ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप चेतावनी दी है कि यदि उन्हें शीघ्र मुआवजा नहीं दिया गया तो ग्रामीण चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि 2014 में कनालीछीना-भौतड़ी मार्ग बनाया गया। इसमें उनकी करीब एक हजार नाली उपजाऊ जमीन सड़क में कट गई। बताया कि तल्ली भौतड़ी से लीमा तक दो किमी सड़क की नाम भूमि का मुआवजा आज तक नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि उक्त भूमि काफी उपजाऊ थी।
भूमि पर धान, मड़ुवा, मांस, भट्ट की खेती लहलहाती थी। ग्रामीणों की आजीविका का आधार भी उक्त भूमि पर होने वाली फसल ही थी। अब न तो जमीन ही रही और न ही युवाओं के लिए रोजगार के कोई साधन। ऐसे में उन्हें आजीविका चलाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जमीन का मुआवजा नहीं दिया गया तो वो लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
ज्ञापन में प्रभावित किसान पुष्कर सिंह, होशियार सिंह, देव सिंह, दान सिंह, प्रेम सिंह, बहादुर सिंह, जोगा सिंह, कल्याण सिंह, हर सिंह, लाल सिंह, गोपाल सिंह, पदम सिंह, दिवान सिंह, प्रेम राम के हस्ताक्षर हैं।