डीडीहाट (पिथौरागढ़)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी देव सिंह डसीला (97) का स्वास्थ्य खराब चल रहा है। परिजन उन्हें इलाज के लिए राममूर्ति अस्पताल बरेली ले गए हैं।
शुक्रवार को अस्पताल में ही उनका जन्म दिन भी मनाया गया। सेनानी डसीला के पौत्र महेश डसीला ने बताया कि तीन दिन पहले पैर में संक्रमण के चलते वह अचानक बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें लगातार बेहोशी के दौरे पड़ रहे थे। इसके चलते उन्हें बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनकी हालत स्थिर बनी है। डीडीहाट यूथ सोसायटी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।