पिथौरागढ़। भाजपा के राजेंद्र सिंह रावत दूसरी बार पिथौरागढ़ नगरपालिका अध्यक्ष के लिए चुने गए हैं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष के सामने 20 वार्डों में जनता के बीच जाकर किए गए वादे पूरे करना और संकल्प पत्र के अनुसार नगर का विकास करना सहित कई चुनौतियां होंगी।
दूसरी बार नगरपालिका अध्यक्ष चुने गए राजेंद्र रावत इससे पहले वर्ष 2008 से 2013 तक नगरपालिका की कुर्सी संभाल चुके हैं। हालांकि इससे पहले जब राजेंद्र रावत अध्यक्ष रहे थे, उस समय पिथौरागढ़ नगरपालिका 15 वार्डों की थी। अब वार्डों की संख्या 15 से बढ़कर 20 हो गई है। पहली बार नगरपालिका में जिन पांच गांवों को शामिल किया गया है, उनमें नगरीय सुविधाओं की शुरुआत करनी होगी।
भाजपा सरकार द्वारा नए शामिल गांवों को अगले दस साल तक करमुक्त रखने की घोषणा करने से पालिका को बिना कर लिए इन क्षेत्रों में विकास कार्य करने होंगे। इसके अलावा नगर के पुराने हिस्से दो दशकों से सीवर लाइन से नहीं जुड़ सके हैं। नतीजतन यहां के नौले-धारे दूषित हो गए हैं।
इन नौलों को प्रदूषण मुक्त करने के लिए सीवर लाइन का निर्माण जरूरी है। हालांकि नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत का कहना है कि उनके कार्यकाल में जो विकास कार्य अधूरे रह गए थे, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
शहर की प्रमुख समस्याएं
सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं
कई कॉलोनियों में नालियों का निर्माण नहीं
सभी वार्डों में अच्छे पैदल मार्ग तक नहीं
कई स्थानों पर अतिक्रमण की समस्या
नई कॉलोनियों में सफाई की कोई व्यवस्था नहीं
पेयजल के इंतजाम नहीं
प्रमुख स्थलों पर शौचालय और मूत्रालय नहीं
महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधन के कोई इंतजाम नहीं
शहर के बीचोबीच से बहने से वाले गधेरे गंदगी से पटे
इसके अलावा कई इलाकों में रात्रि प्रकाश की व्यवस्था, लिंक सीसी पैदल मार्ग, नाली तक की सुविधाएं तक नहीं हैं।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष का संकल्प
शहर के अंदरूनी हिस्सों पर हल्के मोटर मार्गों का निर्माण, नगर में सिटी बस चलाना, बारात घर का काम पूरा कर संचालन करना, शहर के मौजूदा पार्कों को आधुनिक बनाना, बड़े पार्कों में जिम एवं योगाभ्यास की व्यवस्था, नगर के खाली स्थानों पर खेल मैदान का निर्माण, शहर के हर घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था, मोक्षधाम चंद्रभागा को पूरा कर अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, सोरगढ़ किले और कुमौड़गढ़ को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना, शॉपिंग कांपलेक्स का निर्माण कराना।