पिथौरागढ़। जिला शिक्षाधिकारी के बेसिक शौकत अली ने 16 अक्तूबर को विकासखंड विण के 10 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चार विद्यालय बंद पाए गए। इनमें से एक विद्यालय तो बुधवार को खुला ही नहीं। जिला शिक्षाधिकारी ने इन विद्यालयों में तैनात शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए हैं।
जिला शिक्षाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय बालाकोट दोपहर 1.15 बजे बंद मिला। राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय जाख बंद मिला। अभिभावकों ने बताया कि बुधवार को स्कूल खुला ही नहीं। प्राथमिक विद्यालय जाख एक बजे बंद मिला। राजकीय उच्चतर प्राथमिक विद्यालय बुंगा (लोधियागैर) दोपहर 2.30 बजे बंद मिला।
जिला शिक्षाधिकारी ने बताया कि बंद मिले विद्यालयों के शिक्षकों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। बताया कि सभी शिक्षकों को समय-सारिणी के आधार पर स्कूल खोलने और बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि इस तरह की पुनरावृत्ति मिली तो शिक्षकों को निलंबन का सामना करना पड़ेगा।