नाचनी (पिथौरागढ़)। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता हेम उपाध्याय, अवर उपाध्याय हरीश भट्ट ने रामगंगा नदी में चैनेलाइज के काम का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की जानकारी एसडीएम और खान अधिकारियों को दी।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि तीन दिन में 30 मीटर ही चैनल की कटिंग हुई है, जबकि 240 मीटर हिस्से पर चैनलाइज किया जाना है। 15 जून के बाद बारिश शुरू हो जाएगी। ऐसे में इतनी जल्दी 240 मीटर चैनल बनना संभव नहीं है। चैनलाइज के काम में मात्र दो जेसीबी लगी हैं। चैनल बनाने के स्थान पर खुदाई के दौरान पानी निकलने से जेसीबी धंस रही है। एई, जेई ने बीच नदी में पड़े बोल्डर का भी निरीक्षण किया।
बोल्डर को तोड़ने के लिए कंप्रेसर मशीन अथवा बाईप्रेशर मशीन की आवश्यकता बताई। इसकी सूचना एसडीएम कृष्णनाथ गोस्वामी और खान अधिकारी प्रदीप कुमार को फोन से दी। बता दें कि चैनलाइज करने के काम में ढिलाई के आरोप के बाद डीएम सी रविशंकर ने काम की जांच के साथ ही डंपिंग स्थल निरस्त करने के निर्देश एसडीएम मुनस्यारी को दिए हैं।