झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल पुलिस ने स्कूली ड्रेस में भारत आ रहे 52 बच्चों को पकड़कर बैतड़ी पुलिस मुख्यालय भेज दिया। सभी बच्चे स्कूली ड्रेस में थे।
जूलाघाट थाने के प्रहरी उपनिरीक्षक चक्र देव पांडे ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह से ही कई बच्चे स्कूली ड्रेस पहने 10-12 के समूह में झूलापुल के रास्ते भारत की ओर जा रहे थे। शाम तक 52 बच्चों को झूलापुल पर तैनात लाल बहादुर खड़का, उपना बिक और हेमराज थापा ने पकड़ लिया। सभी बच्चे 12 से 17 साल के हैं। कक्षा 6 से 12 में पढ़ने वाले हैं। बच्चे नेपाल के बजांग और बैतड़ी के पुरचूड़ी स्कूलों में पढ़ते हैं।
28 बच्चों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। इन बच्चों को बैतड़ी पुलिस मुख्यालय भेज दिया है। पूछताछ में पता चला है कि इन दिनों बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं। बृहस्पतिवार को ही इनकी परीक्षाएं संपन्न हुई हैं। परीक्षा देने के बाद भारत में नौकरी की मंशा से यह झूलाघाट होते हुए भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करना चाह रहे थे।