पिथौरागढ़। भारतीय स्टेट बैंक की देवलथल शाखा में कर्मचारियों की कमी के कारण ग्राहकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाराबीसी ग्रामीण उत्थान समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र बसेड़ा, जगदीश कुमार, नरेश पांडेय, दिनेश पांडेय, गोकुल कुमार, शंकर प्रसाद, गजेंद्र सिंह, हनुमंत पांडेय ने डीएम सी रविशंकर को सौंपे ज्ञापन में कहा कि बैंक में कार्यरत एक मात्र काउंटर क्लर्क कैश लाने से लेकर कैश बांटने तक के सारे काम कर रहे हैं।
बैंक में नए खाते नहीं खुल पा रहे हैं। इन लोगों ने डीएम से बैंक की व्यवस्थाओं में सुधार कराने के लिए बैंक प्रबंधन को निर्देशित करने की मांग की है। कहा कि कर्मचारियों की तैनाती नहीं हुई तो बैंक में तालाबंदी कर दी जाएगी। उधर, शाखा प्रबंधक एसएस निखुर्पा का कहना है कि स्टाफ की तैनाती के लिए उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया है। जल्द ही स्टाफ की तैनाती होने की उम्मीद है।