मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। शास्त्री चौक पर स्थित पुराने अखरोट के पेड़ को काटने से लोगों में गुस्सा है। बताया गया कि 14 जून 1987 को यूपी के तत्कालीन ऊर्जा मंत्री सुनील शास्त्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा के अनावरण के समय अखरोट के तीन पौधों का रोपण किया था। इनमें से बचे एकमात्र पेड़ को अब काट दिया गया है। लोगों का आरोप है कि खंड विकास अधिकारी के आदेश पर यह पेड़ काटा गया।
धारचूला के विधायक प्रतिनिधि ईश्वर कोरंगा का कहना है उत्तर प्रदेश सरकार के दौरान ऊर्जा मंत्री द्वारा लगाया पेड़ तक अधिकारियों ने काट दिया। उन्होंने इस मामले की जांच करने तथा कार्रवाई की मांग की है। खंड विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र वर्मा का कहना है कि केवल पेड़ की कुछ शाखाओं को काटा गया है।
पेड़ जड़ से नहीं काटा है। वन विभाग के रेंजर पूरन सिंह रौतेला का कहना है कि उनके पास पेड़ कटने की जानकारी नहीं है। अगर पेड़ काटा गया होगा तो कार्रवाई की जाएगी।