पिथौरागढ़। बीए, बीएससी प्रथम वर्ष में सीमित प्रवेश मिलने से भड़के छात्रों ने बुधवार को पिथौरागढ़ डिग्री कॉलेज में महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के बाद हुई सभा में छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कमलेश वल्दिया ने कहा कि पिथौरागढ़ महाविद्यालय में दूर-दूर से विद्यार्थी प्रवेश के लिए आ रहे हैं, लेकिन महाविद्यालय प्रशासन मेरिट बनाने की बात कहकर प्रवेश नहीं दे रहा है। प्रवेश फार्म तक नहीं दिए जा रहे हैं। छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा कि पूर्व के बीए प्रथम सेमेस्टर की मनोविज्ञान, भूगोल, शिक्षाशास्त्र की प्रयोगात्मक परीक्षा नहीं ली गई है, इस कारण करीब 500 विद्यार्थी परेशान हैं। विश्वविद्यालय और महाविद्यालय प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है।
कहा कि इन समस्याओं से उच्च शिक्षा मंत्री को अवगत करा दिया गया है। यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो आंदोलन छेड़ दिया जाएगा। प्रदर्शन में दीपक कसन्याल, प्रमोद सिंह, जगदीश लुंठी, मनोज कन्याल, मोहित कलपासी आदि शामिल थे।