पिथौरागढ़। शराब के विरोध में आंदोलन चलाने वाली महिलाओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने, मोबाइल वैन से शराब बेचने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी प्रदेश के मंत्रियों के आवास पर जागर लगाएगी।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पुत्र कांग्रेस प्रदेश महामंत्री आनंद रावत ने फोन पर जागर कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों की सुध न लेकर केवल शराब बेचने के काम में लगी है। हाइकोर्ट और सुप्रीमकोर्ट ने हादसों पर लगाम लगाने के लिए नेशनल, स्टेट हाइवे से शराब की दुकान हटाने का आदेश दिया था। प्रदेश सरकार ने स्टेट हाइवे को जिला हाइवे घोषित कर न्यायालय के आदेशों की अवमानना की है। गांवों में शराब की दुकान खोली जा रही हैं। महिलाएं इसका विरोध कर रही हैं तो उन पर मुकदमे लगाए जा रहे हैं। सरकार मोबाइल वैन के जरिए शराब बिकवाकर राज्य को बर्बाद करने पर तुली है।
कांग्रेस प्रदेश महामंत्री रावत ने कहा कि सरकार ने पहाड़ पर शराब की दुकान खुलने का समय दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक कर अवैध शराब के धंधे में लिप्त लोगों को लाभ पहुंचाने का काम किया है। सुबह से 12 बजे तक और शाम 6 बजे से रात तक अवैध शराब का धंधा जोरों पर चल रहा है, लोग लुट रहे हैं, बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने कहा जागर के माध्यम से सरकार को जगाने का काम किया जाएगा। जागर कार्यक्रम की शुरुआत शीघ्र की जाएगी।