सड़क किनारे के विद्युत खंभे हटाने को 3.73 लाख चाहिए
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में सड़कों के किनारे बिजली के 15 खंभे ऐसे हैं, जो यातायात व्यवस्था के लिए बाधक बने हैं। इन खंभों को हटाने की कोशिश 2013 से चल रही है, लेकिन विभाग एक भी पोल को अब तक नहीं हटा पाया है। 2013 में जब नगर की सड़कों के किनारे का अतिक्रमण हटाया गया था, तब भी इन खंभों को चिन्हित कर हटाने के आदेश हुए थे। विद्युत विभाग के अनुसार इन खंभों को हटाने के लिए 3.73 लाख रुपये की जरूरत है।
जिलाधिकारी सी रविशंकर ने कहा कि विद्युत खंभे हटाने के लिए जितने धन की जरूरत है, उसका प्रस्ताव तैयार किया जाए और तत्काल शासन को भेजा जाए। इसके अलावा डीएम ने लोनिवि को निर्देश दिए कि हर शहर और कस्बे में पार्किंग स्थलों के निर्माण के प्रस्ताव तैयार करें, ताकि जाम की समस्या से मुक्ति मिल सके। डीडीहाट और कनालीछीना में पार्किंग स्थल के निर्माण का प्रस्ताव मिल चुका है।
वाहनों को खड़ा करने के लिए अब सड़कों के किनारे पेंटिंग की जाएगी। इसी रेखा के अंदर वाहन खड़े किए जाएंगे। दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर पैरापिट बनाने, साइन बोर्ड लगाने को भी कहा गया है। यह काम एक हफ्ते में पूरा करना होगा।
मई में 4173 वाहन चालकों के चालान हुए
पिथौरागढ़। पुलिस ने मई में 4173 वाहन चालकों का चालान किया और 42 लाख 8 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया। सात वाहन सीज किए गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी शेखर सुयाल ने बताया कि नगर क्षेत्र में दोपहिया वाहन चालकों को ग्रीन कार्ड जारी किए जा रहे हैं। बारातघरों के आगे लगने वाले जाम से निपटने के लिए उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया जाएगा।