थल-मुनस्यारी मार्ग पर यातायात चार घंटे बंद रहा
पिथौरागढ़/मुनस्यारी। जिले में पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण कई सड़कों पर मलबा आने से यातायात बंद हो गया। थल-मुनस्यारी मार्ग पर बनिक के पास तेज उफान वाले नाले ने सड़क का हिस्सा ही बहा दिया। बुधवार की सुबह 7.30 से 11.30 बजे तक इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। थल से मुनस्यारी तक कई स्थानों पर नाले उफान पर आ गए हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता पीसी जोशी ने सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर जेसीबी और मजदूर भेजे। चार घंटे बाद यह सड़क छोटे वाहनों के चलने लायक हो गई।
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार तेज बारिश के दौरान मलबा आने से पव्वाधार-चौरपाल सड़क बंद हो गई है। इस सड़क पर नैनोलीकैणा के पास भारी मलबा गिरा है। पिथौरागढ़-झूलाघाट मार्ग पर गैना और खरक्यूड़ा के पास मलबा आने से मंगलवार शाम से यातायात बंद है। झूलाघाट की तरफ एक दर्जन वाहन फंसे हैं। नाचनी-बांसबगड़ मार्ग भी मलबा आने के कारण बंद हो गया है। वहीं, थल से डीडीहाट जाने वाली सड़क पर लामाघर के पास पेड़ गिरने और मलबा आने से बुधवार सुबह करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा।
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार सभी बाधित सड़कों से मलबा हटाने का काम शुरू हो गया है। यदि मौसम सामान्य रहा तो बृहस्पतिवार से वाहनों की आवाजाही होने लगेगी। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने फिर से आदेश जारी किया है कि सड़कों को खोलने में तत्परता से काम किया जाए।