थल (पिथौरागढ़) उप डाकघर में एक जनवरी से बीएसएलएल विभाग की लीज लाइन का मोडम खराब होने से उपभोक्ताओं के कोई कार्य नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उप डाकघर में खाताधारकों, महिला अभिकर्ताओं को दिक्कत हो रही हैं। फरवरी आरडी जमा नहीं होने से उन्हें खासा विलंब शुल्क देना पड़ रहा है। परेशान उपभोक्ताओं ने बेड़ीनाग के एसडीएम तुषार सिंह सैनी के समक्ष मामले को उठाते हुए कहा कि उप डाकघर में लेनदेन ठप है। आधार कार्ड मशीन भी एक साल से धूल फांक रही है।
इस पर एसडीएम ने उप डाकघर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय कार्यवाही की जानकारी ली। पोस्ट मास्टर केशर सिंह बोरा ने नेटवर्क से आ रही दिक्कतों के बारे में उच्चाधिकारियों को जानकारी देने के बारे में बताया। इस पर एसडीएम ने मोबाइल पर डाक अधीक्षक से वार्ता की। उन्होंने शीघ्र कार्यवाही कर डाकघर की व्यवस्था ठीक करने के निर्देश दिए।