पिथौरागढ़। सर्दियों में लोगों को रसोई गैस किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को कई लोग सिलिंडर लेने पहुंचे, लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि सोमवार से आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
बीच में दो-तीन दिन की छुट्टी और उससे पहले भी दो दिन तक व्यवधान रहने के चलते सिलिंडरों की आपूर्ति नहीं हो पाई। बताया जा रहा है कि गैस प्लांट बंद होने से सिलिंडरों की आपूर्ति नहीं हो पाई। नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रतिदिन करीब 500 सिलिंडरों की मांग रहती है। रविवार को कई लोग लिंक रोड वितरण स्थल पर सिलिंडर लेने पहुंचे, लेकिन सिलिंडर समय से पहले ही खत्म होने से उन्हें मायूस होना पड़ा।
सुबह नौ बजे सिलिंडर बंटना शुरू हुए और 10 बजे तक सिलिंडर खत्म हो गए। गैस ठेकेदार जीवन पंत ने बताया कि शनिवार को सिलिंडरों का वाहन नहीं आया था। रविवार को सिलिंडर आने पर उन्हें बांटा गया है। उन्होंने बताया कि सोमवार से आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।