पिथौरागढ़। लीमाटौड़ा के लोगों ने गांव के लिए स्वीकृत सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी सी रविशंकर को पत्र सौंपा है। सड़क का निर्माण न होने पर लोकसभा और पंचायत चुनावों का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।
इन लोगों ने कहा है कि क्षेत्र के लोग पिछले 20 वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। 30 मार्च 2018 को विधायक विशन सिंह चुफाल के प्रयासों से लीमाटौड़ा के लिए 5 किमी सड़क मंजूर हुई। इसके लिए 2.57 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। एक जून को सड़क के टेंडर हो गए हैं लेकिन सड़क का निर्माण नहीं कराया जा रहा है। कहा कि लीमाटौड़ा अनुसूचित जाति बाहुल्य गांव है। सड़क न होने से लोगों को कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। सड़क का निर्माण न होने से गांव के लोगों में रोष है।
इन लोगों ने सड़क का निर्माण न होने पर लोकसभा और पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है। कहा है कि सड़क निर्माण को लेकर क्षेत्र के लोग आंदोलन करेंगे। जिलाधिकारी ने सड़क का निर्माण कराने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन में संतोष कुमार, मनोज कुमार, हरीश प्रसाद, किशन लाल, जीवन लाल, दौलत राम, गणेश राम, शंकर लाल, वंशी लाल, नरेंद्र प्रसाद, अशोक कुमार, केशव राम, राम प्रसाद, लछमन प्रसाद आदि के हस्ताक्षर हैं।
पैदल रास्ते से मलबा हटाने की मांग
चौपाता (दोबांस)-बथोली सड़क की कटिंग से गिरे मलबे के कारण चौपाता-ख्वीरौ के बीच पैदल रास्ता बंद होने से लोगों में रोष पनप गया है। एमएस चैंसर मासाब के नेतृत्व में लोगों ने पीएमजीएसवाई डिविजन के अधिकारियों से मुलाकात कर पैदल रास्ते से मलबा हटाने की मांग की। कहा कि पैदल रास्ता बंद होने से पालतू जानवर आवागमन नहीं कर पा रहे हैं। पहले भी इस संबंध में पत्र दिया जा चुका है लेकिन रास्ते को ठीक नहीं किया गया। लोगों के खेतों में भी मलबा पटा है। क्षति का आंकलन किया जाना चाहिए। शिष्टमंडल में डंबर सिंह, चंदन सिंह, कमान सिंह, जसुली देवी, दान सिंह, राम सिंह, हरक सिंह, हर सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य पुष्पा देवी आदि शामिल थे। ब्यूरो