गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। जाखनी, भामा, पाभें के लिए स्वीकृत सड़क का निर्माण करने की मांग को लेकर क्रमिक अनशन 27वें दिन भी जारी रहा। बृहस्पतिवार को नारायण भंडारी, दान सिंह भंडारी, विनोद भंडारी क्रमिक अनशन में बैठे हैं। संघर्ष समिति ने 3 जुलाई को तहसील मुख्यालय में महारैली निकालने का एलान किया है।
सड़क निर्माण को लेकर अनशन स्थल पर लोगों ने नारेबाजी की। संघर्ष समिति के अध्यक्ष चंचल सिंह भंडारी ने कहा कि 27 दिन बाद भी सरकार और प्रशासन ने आंदोलन की सुध नहीं ली है। इलाके के तमाम गांवों की 9000 आबादी यातायात सुविधा से वंचित है। लोगों को सड़क तक आने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ रहा है। बीमार, बच्चे और बूढ़ों को सड़क तक लाने में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है, इससे सरकार को कोई लेनादेना नहीं है। कहा कि 3 जुलाई की महारैली में व्यापारियों का भी सहयोग लिया जाएगा। आंदोलन के समर्थन में बहादुर सिंह, कैलाश सिंह, सुरेश चंद्र, गोपाल सिंह, पुष्कर सिंह, पूरन सिंह, भूपाल सिंह, ललित सिंह आदि ने धरना दिया।