महाकाली को प्रदूषण मुक्त बनाने पर चर्चा
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। मजिरकांडा ग्राम पंचायत में हुई बैठक में झूलाघाट को संपूर्ण स्वच्छ और महाकाली नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने पर चर्चा की गई। बैठक में नगर के कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए ग्राम्य विभाग के परियोजना निदेशक डीडी पंत ने कहा कि जैविक और अजैविक कूड़े के उचित प्रबंधन की शुरुआत स्वयं से करनी होगी। उन्होंने बताया कि स्वजल की और से डीपीआर तैयार की जा रही है। ग्राम प्रधान सुरेंद्र आर्या ने कहा कि ग्रामसभा में 35 प्रतिशत लोग भूमिहीन है। उन्होंने शौचालय निर्माण के लिए सरकारी भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी।
व्यापार संघ अध्यक्ष संजीव जोशी ने पंचायत द्वारा लिए गए शुल्क के बदले सोलर लाइट एवं स्वच्छता के लिए पर्यावरण मित्र रखने, शंकर खड़ायत ने हाट शुल्क लगाकर कस्बों का विकास करने की बात कही।
बैठक में मूनाकोट के खंड विकास अधिकारी कवींद्र रावत, खंड शिक्षाधिकारी जीपी कोहली, डॉ. स्मृति बृजवासी, मनोज धामी, विनय जोशी, डॉ.सचिन प्रकाश, पंकज पंत, अंजली कुमारी, महादेव प्रसाद, हरिबल्लभ भट्ट, दिवाकर भट्ट आदि मौजूद थे।