गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। नगर पंचायत के शौचालय का पिट खुला छोड़ने से गंदगी सड़क पर बह रही है। लोगों ने इस पर रोष जताया है। नगर पंचायत ने हाल में 15.95 लाख रुपये की लागत से शौचालय का निर्माण किया। शौचालय के लिए छोटा सा पिट बनाने से गंदगी सड़क पर बहने लगी तो व्यापारियों ने विरोध जताया।
इसके बाद नगर पंचायत ने शौचालय बंद कर दिया। शौचालय तो बंद कर दिया, लेकिन पिट खुला छोड़ दिया। नतीजतन आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है। इसी मार्ग पर एक निजी स्कूल भी है, इस कारण विद्यालय के बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गाइड लाइन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक कुलश्रेष्ठ खाती ने शौचालय का पिट खुला छोड़ने का विरोध करते हुए कहा है कि इससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने पिट को बंद करने की मांग की है। उधर, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी जीएस सुपियाल का कहना है कि पिट सुधारीकरण का काम किया जा रहा है। शौचालय को जल्द ही चालू किया जाएगा।