पिथौरागढ़। निकाय चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए प्रदेश महामंत्री गजराज बिष्ट और रमेश बहुगुणा ने जिले भर के निकायों का दौरा पूरा कर लिया है। इस बीच उन्होंने सभी निकायों में प्रत्याशी चयन को लेकर कार्यकर्ताओं से रायशुमारी की। पर्यवेक्षक के सामने निकायों से बड़ी संख्या में दावेदारी सामने आई है। अकेले पिथौरागढ़ में ही 20 लोगों ने दावेदारी की है। अब पर्यवेक्षक दावेदारों की सूची और रायशुमारी की रिपोर्ट हाईकमान को सौंपेंगे।
भाजपा पर्यवेक्षक बिष्ट और बहुगुणा ने रविवार को लोनिवि विश्राम गृह में कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी की। इस दौरान प्रत्याशियों को लेकर कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली। पर्यवेक्षक के दौरे के बीच कई उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की। दावेदारी जताने वालों में सामान्य पुुुरुष सीट से राजेंद्र सिंह रावत, हरजीत सिंह बाबा, राकेश देवलाल, ललित पंत, संजय शर्मा, रविंद्र लुंठी, वीरेंद्र बोरा, इंदर सिंह लुंठी, कैलाश उप्रेती शामिल हैं। जबकि सामान्य महिला दावेदारों में मीनू बिष्ट, सीमा रावत, प्रेमा कोश्यारी, उमा पांडे, मीनू पुनेड़ा, भगवती पुनेठा है। इसी तरह आरक्षित सीट से डीआर राज, बीएल विश्वकर्मा, जगतराम, प्रमोद कुमार, गंगोत्री दताल शामिल हैं।
सभी ने अपनी दावेदारी के पत्र पर्यवेक्षक को सौंपे। इससे पहले दोपहर में पर्यवेक्षकों ने धारचूला का दौरा किया। उन्होंने पंचायत में कार्यकर्ताओं की बैठक में रायशुमारी की और दावेदारी का जायजा लिया। इससे पहले पर्यवेक्षकों ने शनिवार को गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, डीडीहाट नगर निकाय में भी रायशुमारी की। पर्यवेेक्षक गजराज बिष्ट ने बताया कि दावेदारों की स्क्रीनिंग के बाद हाईकमान को सूची सौंपी जाएगी। इसमें हर सीट पर रायशुमारी की रिपोर्ट भी शामिल होगी। इधर, रायशुमारी के दौरान पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से अलग-अलग मुुलाकात की और हर प्रत्याशी को लेकर उनके मन की थाह लेने की कोशिश की। पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता बनाए रखने के निर्देश दिए।