पिथौरागढ़। अंधड़ के चलते अस्कोट-ओगला के बीच बिजली की लाइनें टूट गई। इससे धारचूला से लेकर बलुवाकोट और जौलजीबी में 12 घंटे से अधिक बिजली गुल रही।
रविवार तड़के तीन से चार बजे के बीच मौसम खराब होने के बाद तेज हवाएं चलने लगी। तेज हवाओं की चपेट में आकर अस्कोट-ओगला के बीच कई पेड़ बिजली की लाइनों पर गिर गए। इससे लाइनें टूटने के साथ ही ट्रिप डाउन हो गया। नतीजतन धारचूला से लेकर बलुवाकोट और जौलजीबी में बिजली गुल हो गई। शाम चार बजे लाइनों की मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।
इससे पहले हजारों लोगों को 12 घंटे से अधिक समय तक बिजली की समस्या से जूझना पड़ा। आपूर्ति में व्यवधान से कारोबारी गतिविधियों में मंदी आई। बारिश के बाद मौसम में ठंड बढ़ गई। सर्द हवाओं के बीच बिजली न होने से लोग दिनभर घरों में दुबके रहे।
अस्कोट क्षेत्र में साढ़े छह घंटे बिजली गुल रही
अस्कोट (पिथौरागढ़)। अस्कोट क्षेत्र में रविवार को साढ़े छह घंटे बिजली गुल रही। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। चर्मा, ओगला, भागीचौरा, गर्खा, नारायणनगर, अस्कोट, बगड़ीहाट, डुंगरा, डांगटी, सिलोनी क्षेत्र में सुबह 4 बिजली गुल हुई बिजली सुबह 10.30 बजे बिजली बहाल हुई। लोगों का कहना है कि मौसम हल्का खराब होते ही क्षेत्र की बिजली गुल हो जाती है। बिजली की लाइनें कई स्थानों पर नियमानुसार नहीं बिछी हैं। कनालीछीना-बंदरलीमा के बीच पेड़ों के बीच से लाइन बिछी है। तारों के आपस में टकराने से बिजली आपूर्ति में व्यवधान आता है। ऐसी लाइनों की मरम्मत की जानी चाहिए। बिजली विभाग के अवर अभियंता कुंदन राम ने बताया कि अंधड़ के बीच बंदरलीमा-कनालीछीना के बीच लाइन में फाल्ट आने से व्यवधान आया था। लाइन की मरम्मत कर दी गई है।