मदकोट (पिथौरागढ़)। मदकोट में आयोजित शिव महोत्सव में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम मची है। समापन शुक्रवार को होगा। इससे पहले महोत्सव का उद्घाटन करते हुए विधायक हरीश धामी ने आयोजन के लिए छह लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसे स्थानीय महोत्सव के तौर पर हर साल आयोजित किया जाएगा।
गायिका दीपा धामी ने कई गीत पेश किए। कड़ाके की ठंड के बीच दर्शकों ने कार्यक्रमों का आनंद उठाया। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए अपनी ओर से पूरा सहयोग करेंगे।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र रावत, ग्राम प्रधान हरीश उप्रेती, गोकर्ण जंगपांगी, थाना प्रभारी चंदन सिंह, राजेंद्र सिंह, संजय धामी आदि मौजूद थे। आयोजकों ने बताया कि महोत्सव का समापन शुक्रवार को पुरस्कार वितरण के साथ होगा।