बैतड़ी/झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा 10 फरवरी को अपने एक दिनी दौरे पर बैतड़ी आ रहे हैं। वे यहां पश्चिमी नेपाल में बनी पहली सबसे बड़ी जल विद्युत परियोजना का उद्घाटन करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए बैतड़ी जिला प्रशासन और पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
नेपाल के क्षेत्र नंबर 7 के बैतड़ी जिले में चमेलिया जल विद्युत परियोजना बनकर तैयार हो गई है। परियोजना के चीफ इंजीनियर अजय दहाल ने बताया कि 10 फरवरी को सुबह 11.30 मिनट (भारतीय समय) पर देश के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा चमेलिया परियोजना के पास बने हेलीपैड पर उतरेंगे। उनके साथ नेपाल सरकार के ऊर्जा मंत्री कमल थापा भी आएंगे। प्रधानमंत्री देउबा दार्चुला और बैतड़ी की सीमा पर 9 अरब 37 करोड़ 50 लाख रुपये (भारतीय मुद्रा) से बनी 30 मेगावाट की चमेलिया जल विद्युत परियोजना का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री यहां कुछ देर रुकने के बाद काठमांडू लौट जाएंगे।
चमेलिया जल विद्युत परियोजना 2006 से बननी शुरू हुई। इस योजना के बनने से पश्चिमी नेपाल के जिलों में बिजली का संकट समाप्त हो जाएगा। इस परियोजना से विद्युत उत्पादन कुछ महीने पहले ही शुरू हो गया था, लेकिन अब तक इसका औपचारिक उद्घाटन नहीं हो पाया था। इस परियोजना के बनने से पश्चिमी नेपाल के क्षेत्र नंबर 7 के 9 जिलों को भरपूर बिजली मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए बैतड़ी जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है। कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जाएगा।