पिथौरागढ़। वड्डा डाकघर में 26 नवंबर की रात हुई चोरी की घटना की गाज दो पुलिसकर्मियों पर गिरी है। पुलिस अधीक्षक अजय जोशी ने रात्रि ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में वड्डा चौकी में तैनात दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
एसपी ने बताया कि वड्डा डाकघर से चोरों ने ताला तोड़कर और तिजोरी को काटकर 68,840 रुपये की नकदी चुरा ली थी। जांच में पाया गया कि घटना की रात वड्डा चौकी के कांस्टेबल प्रदीप फर्त्याल और दिनेश गिरी की ड्यूटी लगी थी, लेकिन इन दोनों ने ड्यूटी में शिथिलता बरती थी।
उन्होंने बताया कि चोरी के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जाजरदेवल के थाना प्रभारी और एसओजी प्रभारी को चोरी का खुलासा करने की जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने कहा कि इस मामले का जल्दी पर्दाफाश हो जाएगा। साथ ही सभी थानों के प्रभारियों को आदेश दिए गए हैं कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त को प्रभावी ढंग से करें।
सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखी तो कार्रवाई होगी
पुलिस अधीक्षक अजय जोशी ने कहा कि नगर की सड़कों के किनारे यदि निर्माण सामग्री रखी मिली तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री को शाम छह बजे बाद उतारा जाए और सुबह 7.30 बजे से पहले उसे हटा दिया जाए। सड़कों के किनारे निर्माण सामग्री रखी होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ रहा है।