पिथौरागढ़। एनसीसी की 80 यूके बटालियन से जुड़े कैडेटों ने शनिवार को जिला अस्पताल के रक्तकोष विभाग में जाकर रक्तदान किया। कुल 29 कैडेटों ने रक्तदान किया। इस रक्त का उपयोग जरूरतमंद मरीज के लिए किया जाएगा। एनसीसी के कमांडिंग अफसर कर्नल पराग पांडे ने कहा कि यदि किसी मरीज का जीवन संकट में पड़ा हो तो उसकी रक्षा करने में एक यूनिट रक्त काफी होता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती।
कर्नल पांडे ने कैडेटों के मन में रक्तदान को लेकर जो झिझक थी, उसे दूर किया और समय-समय पर रक्तदान करते रहने की प्रेरणा दी। जिला अस्पताल के रक्तकोष प्रभारी डॉ. नरेंद्र शर्मा ने कहा कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। उन्होंने भी रक्तदान से होने वाले फायदों की जानकारी दी। इस मौके पर जिला अस्पताल के कर्मचारी, एनसीसी बटालियन के अधिकारी और कैडेट शामिल हुए।