पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ डिग्री कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज समेत कई गांवों को जोड़ने वाले पांडे के जर्जर मोटर पुल के स्थान पर 12 नवंबर से नया पुल बनने का काम शुरू हो जाएगा। पिछले एक दशक से स्थानीय लोग इस पुल की मरम्मत की मांग कर रहे थे।
पांडेगांव शिव मंदिर के पास बना मोटर पुल बेहद खराब हालत में है। इस पुल से तीन कॉलेजों के साथ ही हुड़ेती, बजेटी, पौण, पपदेउ गांवों के लिए वाहनों की आवाजाही होती है। जर्जर हो चुके इस पुल से दुर्घटना का खतरा बना था। इस स्थान पर नए पुल को मंजूरी मिल गई है। लोनिवि का प्रांतीय खंड नए पुल का निर्माण करेगा।
नए पुल के निर्माण से पहले पुराने पुल को तोड़ा जाना है। लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता एनसी जोशी ने बताया कि 12 नवंबर से नए पुल का निर्माण कार्य शुरू होना है। नए पुल का निर्माण होने तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
नए पुल का निर्माण होने तक दोपहिया और हल्के वाहनों का आवागमन टकाना स्टेडियम से राजकीय इंटर कॉलेज तक निर्मित बाइपास से होगा। भारी वाहनों का आवागमन चंडाक मार्ग पर वरदानी मंदिर से बडौली मार्ग होते हुए पपदेउ-राजकीय इंटर कॉलेज मार्ग से होगा।