डीडीहाट (पिथौरागढ़)। आकर्षक झांकी के साथ शनिवार से तीन दिनी नंदा महोत्सव शुरू हो गया। तीन दिनों तक मुख्य मंच पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और 29 अगस्त को नंदा मैया का डोला उठेगा। मंदिर में विशेष पूजा होगी। शनिवार से नंदा मंदिर में जागरण शुरू हो गया है। भारी संख्या में मौजूद लोगों ने महोत्सव के कार्यक्रमों का आनंद उठाया।
विधायक विशन सिंह चुफाल ने महोत्सव का उद्घाटन किया। कहा कि सरकार ने इस बार महोत्सव के लिए दो लाख रुपये देने की स्वीकृति दी है। उन्होंने विधायक निधि से रामलीला मैदान के चारों ओर लोगों के बैठने के लिए शेड बनाने की घोषणा की। नंदा महोत्सव समिति के अध्यक्ष डीएस पांगती ने कहा कि इस आयोजन में लगातार लोगों की भागीदारी बढ़ रही है। आयोजन समिति के सचिव संजय पंत ने कहा कि महोत्सव के दौरान दिन में विभिन्न प्रतियोगिताएं और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
इससे पहले विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने झोड़ा, चांचरी, शिव तांडव, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, अनेकता में एकता आदि पर आधारित झांकी निकाली। महोत्सव में नगरपालिका अध्यक्ष कवींद्र शाही, युवा शक्ति संगठन के पवन टोलिया, ललित भंडारी, ओमप्रकाश वर्मा, सत्यम जोशी, प्रभात जोशी, धर्मेंद्र टोलिया आदि उपस्थित थे। शाम से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। उद्घाटन के बाद हुई बारिश से कुछ देर तक कार्यक्रमों में बाधा पहुंची।