पिथौरागढ़। चंपावत की प्रसव पीड़िता को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल ला रही 108 एंबुलेंस गुरना मंदिर के पास जाम में फंस गई। प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस के चालक ने हूटर बजाया।
आरोप है कि हूटर बजाने से नाराज कुछ चालकों ने 108 के चालक के साथ अभद्रता कर दी और कुछ यात्रियों ने भी देख लेने की धमकी दी। कैंप कंपनी के जिला प्रोग्राम मैनेजर ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से की है।
जिला प्रोग्राम मैनेजर परमानंद पंत ने बताया कि शनिवार को पिथौरागढ़ की एंबुलेंस चंपावत से क्रिटिकल हालत में रेफर की गई लोहाघाट निवासी गर्भवती महिला नेहा को घाट से पिथौरागढ़ लेकर आ रही थी। गुरना मंदिर के पास जाम लगने से एंबुलेंस फंस गई। महिला की हालत खराब होते देख जब चालक ने हूटर बजाया तो कुछ टैक्सी चालकों ने एंबुलेंस चालक के साथ अभद्रता कर दी। उसने हाथ उठाने का भी आरोप लगाया है।
इससे एंबुलेंस चालक भयभीत है। जिला प्रोग्राम मैनेजर ने बताया कि मामले की शिकायत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों से की गई है।