मुनस्यारी/पिथौरागढ़। सेरा (बंगापानी) में हुई भाजपा की न्याय पंचायत स्तरीय बैठक में बंगापानी क्षेत्र के आपदा प्रभावितों को राहत सहायता न मिलने पर सवाल उठाए गए। बैठक में पंचायत और लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
भाजपा ब्लॉक उपाध्यक्ष त्रिलोक बिष्ट की अध्यक्षता, भाजपा जिला कार्यकारिणी के सदस्य केएमवीएन के पूर्व चेयरमैन रुद्र सिंह पंडा की मौजूदगी में हुई बैठक में आपदा पर चर्चा की गई। पंडा ने कहा कि दो जुलाई की आपदा में बंगापानी तहसील के कई क्षेत्रों में जबरदस्त तबाही मची, लेकिन बंगापानी तहसील के आपदा प्रभावितों को प्रशासन की ओर से उचित सहायता नहीं मिली है।
पंडा ने कहा कि इस मुद्दे को सरकार के सामने उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा के कारण सेराघाट से लोधी तक सड़क क्षतिग्रस्त है। सड़क की मरम्मत नहीं हो रही है। बैठक में मौजूद लोगों ने सेरा-खरतोली सड़क का काम एक साल से बंद होने पर भी नाराजगी जताई। बैठक में आगामी पंचायत, लोकसभा चुनावों पर चर्चा की गई। बैठक में भाजपा जिला कार्यकारिणी के सदस्य प्रदीप रावत, विजय सिंह राणा, जिला मंत्री कवींद्र देवली, प्रधान नंदन सिंह ने विचार रखे।