पिथौरागढ़। महाविद्यालय में सभी छात्र-छात्राओं को प्रवेश देने की मांग को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में धरना दिया। उन्होंने उच्च शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एनएसयूआई कार्यकर्ता शनिवार को संगठन के प्रदेश महासचिव दीपक तिवारी के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए धरना दिया। उनका कहना था कि सभी छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में प्रवेश नहीं दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश नहीं मिलने से सैकड़ों छात्र-छात्राएं परेशान हैं। उन्होंने कहा कि जब तक प्रवेश चाहने वाले सभी छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं दिया जाता, तब तक कार्यकर्ता कॉलेज के मुख्य भवन के समक्ष रोज चार घंटे क्रमिक अनशन पर बैठेंगे।
उन्होंने कहा कि सोमवार से क्रमिक अनशन के बाद आंदोलन को उग्र किया जाएगा। धरना देने वालों में निखिल शर्मा, गौरव धामी, मुकेश भट्ट, दीपक वर्मा, धीरज सार्की, विवेक पंत, स्नेहिल मल्ल, मनीष बोरा, अंशू सार्की, अनिल खाती, जगदीश पांडेय, पारस चंद, दक्ष चौहान आदि शामिल थे।