झूलाघाट(पिथौरागढ़)। झूलाघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर चिमड़खोला के पास पिछले साल बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई दो दीवारों की अभी तक मरम्मत नहीं हो पाई है। दीवारों की मरम्मत न होने से यह मार्ग खोखला बना हुआ है। इससे इस मार्ग में हादसा होने का भय बना हुआ है।
नेपाल सीमा से सटे झूलाघाट सहित दर्जनों गांवों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क की दशा बहुत खराब है। पिछले साल मई में हुई भारी बारिश से चिमड़खोला नाले की दोनों ओर की दीवारें गिर गई थीं, अब तक विभाग ने दीवारों की मरम्मत नहीं की है। विभाग की ओर से समय पर इनकी मरम्मत नहीं की गई तो इस स्थान पर पूरी सड़क ध्वस्त हो सकती है। इससे यातायात बाधित हो जाएगा।
लोगों में सड़क की दुर्दशा को लेकर लोगों में रोष है। लोनिवि प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता नवीन जोशी का कहना है कि झूलाघाट सड़क को एडीबी डिवीजन ने पिछले साल ही विभाग को हस्तांतरित किया था। इस साल आपदा मद का पैसा भी अभी तक नहीं मिला है। जैसे ही विभाग के पास पैसा आता है। सड़क की मरम्मत का काम शुरू हो जाएगा।