पिथौरागढ़। नगर में छोड़े गए बेसहारा पशुओं के लिए आश्रय बनाने, बीमार कुत्तों के साथ ही खतरनाक किस्म के कुत्तों के लिए नीति बनाने समेत कई मांगों को लेकर विभिन्न संगठनों के लोगों ने मंगलवार को भी धरना दिया। इन मांगों को लेकर इन संगठनों के लोग कई दिनों से धरना दे रहे हैं।
राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के सदस्य किशन चंद के नेतृत्व में गांधीचौक पर एकत्र लोगों ने मांगों को लेकर नारेबाजी की। कहा कि जिला मुख्यालय में बेसहारा जानवरों के लिए कोई आश्रय स्थल नहीं है। लावारिस जानवरों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
इस पर प्रशासन और नगरपालिका को ध्यान देना चाहिए। इन लोगों ने कहा कि समाज कल्याण दफ्तर के साथ ही कई कार्यालयों में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं है।
केएमओ स्टेशन, टकाना तिराहा, रोडवेज, गांधीचौक और टैक्सी स्टैंडों पर कूड़ादान रखने की मांग भी पूरी नहीं हो रही है। समाज कल्याण विभाग में बुजुर्गों के बैठने के लिए बैंच नहीं हैं।
चंद ने बताया कि 15 जनवरी को इन मांगों को लेकर नगरपालिका कार्यालय प्रांगण में धरना देने के साथ ही प्रदर्शन किया जाएगा। धरने पर व्यापार मंडल उपाध्यक्ष आशीष सौन, दानी चंद, छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र रावत आदि बैठे।