धारचूला (पिथौरागढ़)। राजकीय संयुक्त चिकित्सालय धारचूला में आयोजित तीन दिनी निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का समापन हो गया है। शिविर में सुुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी के नेत्र सर्जन डॉ. गोविंद तितियाल की टीम ने 90 मरीजों का ऑपरेशन किया। पड़ोसी नेपाल के सैकड़ों लोग शिविर में पहुंचे। उनका भी इलाज किया गया।
मरीजों को नवज्योति सेवा समिति भवाली ने निशुल्क चश्मे बांटे। सभी मरीजों को डॉ. तितियाल की ओर से निशुल्क दवाईयां भी बांटी गई। एम्स दिल्ली के नेत्र सर्जन पद्मश्री डॉ. जीवन सिंह तितियाल एवं डॉ. गोविंद तितियाल ने रं कल्याण संस्था के सहयोग से अपने पिता स्व. विजय सिंह तितियाल के स्मृति में नेत्र शिविर का आयोजन किया था। शिविर के सफल आयोजन के बाद रं कल्याण संस्था ने नेत्र सर्जन डॉ. तितियाल, डॉ. नितिन मल्होत्रा, डॉ. प्रवीण, डॉ. असीत त्रिपाठी को पारंपरिक पगड़ी ‘ब्यंठलों’ पहनाकर सम्मानित किया।
रं कल्याण संस्था के संरक्षक अशोक नबियाल, अध्यक्ष कृष्णा गर्ब्याल, महिमन ह्यांकी, महासचिव देवकृष्ण फकलियाल, हरीश गुंज्याल, राम सिंह ह्यांकी ने तितियाल बंधुओं के प्रयासों की सराहना की। रं युवा फोरम के अध्यक्ष पूरन ग्वाल, संगठन महासचिव हरीश कुटियाल, अमर बोरा, बृजेश, लक्ष्मण सिंह दरियाल आदि ने शिविर के संचालन में सहयोग दिया।