धारचूला (पिथौरागढ़)। धौलीगंगा पावर स्टेशन में सतर्कता जागरूकता सप्ताह संपन्न हो गया है। जागरूकता सप्ताह में विद्यार्थियों को भी शामिल किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं हुई। परियोजना सतर्कता अधिकारी केएस नेगी ने बताया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान सतर्कता के विषय पर निबंध लेखन, कविता और वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
निबंध लेखन में आरके पांडे प्रथम, निलेश कुमार द्वितीय और आरएस फिरमाल को तृतीय स्थान मिला। कविता पाठ में जी आदित्य को प्रथम, मास्टर ध्रुव को द्वितीय और शौर्य श्रीनिवास को तृतीय स्थान मिला। वाद-विवाद के महिला वर्ग में ए सिद्दीकी को प्रथम, लवली कुमारी को द्वितीय और गुंजन श्रीवास्तव को तृतीय स्थान मिला। सभी विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख अभियंता विक्रम सिंह एवं शारदा वैली बेसिन परियोजना महाप्रबंधक दिनेश त्रिपाठी ने पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विक्रम सिंह ने अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वह ईमानदारी से कार्य करें। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी आरके पांडे, मुख्य अभियंता अनिल कुमार, एचआर के वरिष्ठ प्रबंधक संजय श्रीवास्तव, मदन मोहन, प्रधानाचार्य सतवीर सिंह और बीसी जोशी आदि उपस्थित थे।