पिथौरागढ़। हिंदूवादी संगठनों ने मंगलवार को मांस की दुकानें खुली रहने के विरोध में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम, एसपी को ज्ञापन भेजकर दुकान खोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विहिप के जिलाध्यक्ष जगदीश पांडेय, बजरंग दल के जिला संयोजक सोनम पांडेय के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने मांस विक्रेताओं द्वारा साप्ताहिक बंदी का उल्लंघन करने के विरोध में नारेबाजी की। डीएम और एसपी को दिए ज्ञापन में कहा कि मंगलवार को मांस की दुकानों की साप्ताहिक बंदी का दिन है, लेकिन कुछ मांस विक्रेता इस नियम का उल्लंघन कर रहे हैं।
इन लोगों ने मंगलवार को दुकान खोलने वाले मांस विक्रेताओं का लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है। बकरी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद ही मांस की बिक्री कराने की मांग की है। प्रदर्शन में हरीश कुमार, सुरजीत सोड़ी, कैलाश जोशी, मयूर नागी, विनीत पाठक, प्रदीप रावत आदि मौजूद थे।