पिथौरागढ़। कर्ज माफी समेत कई मांगों को लेकर किसानों का क्रमिक अनशन शनिवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। किसान संगठन ने मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
शनिवार को नारेबाजी के बीच गोविंद राम, नैन राम, शमशेर राम, हरि राम को क्रमिक अनशन पर बैठाया गया। अनशन स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि कर्ज न चुका पाने के कारण प्रदेश में किसान आत्महत्या कर रहे हैं। बावजूद इसके प्रदेश और केंद्र सरकार किसानों की समस्याओं का निराकरण करने में रुचि नहीं दिखा रही है। सूखे से किसानों की खेती चौपट हो जाती है, किसानों को फसलों का मुआवजा तक नहीं मिलता है। किसानों को बीमा का लाभ भी नहीं मिलता।
इन मुद्दों को लेकर किसान आंदोलन पर हैं। यदि सरकार किसानों का जायज मांगें नहीं मानती है तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा। कालू राम, शमशेर सिंह, दीपक कुमार, डीडी कोहली, शंकर राम कोहली, सुभाष जोशी, जगदीश प्रसाद, शिवांगी जोशी, हरीश चंद्र जोशी, भूपेंद्र राम, गोविंद राम ने धरना दिया।