फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand News: जलतुरी में घर में मिले 160 अवैध तख्ते-बल्लियां, भवन स्वामी गिरफ्तार

Thu, 08 Jan 2026 05:20 PM IST
गायत्री जोशी संवाद न्यूज एजेंसी

सार

पिथौरागढ़ जिले के जलतुरी गांव में अवैध लकड़ी कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। एसएसबी और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में एक घर से 160 अवैध तख्ते-बल्लियां बरामद कर मामले में भवन स्वामी को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
पिथौरागढ़ के जलतुरी में अवैध तख्ते-बल्लियों के साथ वन विभाग और एसएसबी की टीम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पिथौरागढ़। सीमांत जिले में लकड़ी तस्करों पर लगाम नहीं लग पा रही है। तस्कर बेखौफ चीड़ के पेड़ों पर आरी चलाकर तख्ते-बल्लियां तैयार कर इनका अवैध कारोबार कर रहे हैं। ऐसा ही मामला सामने आया जलतुरी में। मुखबिर की सूचना पर एसएसबी और वन विभाग की टीम ने एक घर में 160 अवैध तख्ते और बल्लियां बरामद कीं जिनकी कीमत 2,50,000 रुपये आंकी गई। टीम ने भवन स्वामी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बीते बुधवार को एसएसबी और वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे जलतुरी गांव में पदम बहादुर चंद के घर में छापा मारा। टीम जब भीतर पहुंची तो यहां अवैध तख्ते-बल्लियों का ढेर मिला। गिनती हुई तो घर के भीतर से 160 तख्ते और बल्लियां बरामद हुईं। टीम ने आरोपी भवन स्वामी को गिरफ्तार कर तख्ते-बल्लियों को कब्जे में लिया। तख्ते और बल्लियां तैयार करने के लिए कितने पेड़ों को काटा गया है वन विभाग इसकी जांच में जुटा है।

बड़ी संख्या में तख्ते-बल्लियां तैयार करने में आरोपी को लंबा समय लगा होगा। हैरानी है कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा की मजबूती के लिए लगातार गश्त कर रही एसएसबी और पुलिस को मामले की भनक तक नहीं लगी। यदि मुखबिरी नहीं होती तो शायद लकड़ी के इस अवैध कारोबार का खुलासा होना मुश्किल होता।

विज्ञापन


मुनस्यारी में भी अवैध तरीके से काट डाले थे सुरई के कई पेड़

बीते दिनों पर्यटन नगरी मुनस्यारी में भी अवैध तरीके से सुरई के पेड़ काटने का मामला सामने आया था। यहां भी लकड़ी तस्करों ने अवैध तरीके से सुरई के कई पेड़ काट डाले थे। तब भी वन विभाग घटना से अनजान रहा। एक ब्लॉगर ने सोशल मीडिया पर पेड़ों के काटे जाने की वीडियो प्रसारित किया तो तब वन विभाग को मामले की जानकारी मिली। जब वन विभाग जंगल पहुंचा तो जांच में सामने आया कि अवैध तरीके से कई पेड़ काटे गए हैं। हैरानी की बात यह है कि इस कारनामे को अंजाम तक पहुंचाने के लिए जम्मू कश्मीर से मजदूर बुलाए गए।

मुखबिर की सूचना पर घर में छापा मारा तो यहां अवैध तख्ते-बल्लियां बरामद हुईं। लकड़ी को कब्जे में लेकर भवन स्वामी के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। - दिनेश जोशी, रेंजर, पिथौरागढ़

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें