जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने बनकोट में जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। अधिकारियों को समस्याओं का समाधान करने के आदेश दिए। इलाके के लोगों ने बनकोट क्षेत्र के 16 गांवों को बागेश्वर के नजदीक बताते हुए इन गांवों को बागेश्वर जिले में मिलाने की मांग की।
जीआईसी सभागार में लगे जनता दरबार में बनकोट में नियमित रूप से बिजली न रहने का मामला उठा। लोगों ने कहा कि इस कारण भद्रावती पंपिंग पेयजल योजना से पानी की सप्लाई नहीं हो पाती। इलाके के लोग पानी और बिजली की जबरदस्त किल्लत झेल रहे हैं। डीएम ने यूपीसीएल के ईई पवन सिंह को बनकोट में बिजली की सप्लाई सुचारु करने के निर्देश दिए। लोगों ने बटगेरी और कुनल्ता सड़क पर डामरीकरण का मामला उठाया। वासुकीनाग का पर्यटन स्थल के रूप में विकास करने के साथ ही वासुकीनाग तक सड़क का निर्माण करने की मांग उठाई। डीएम ने लोनिवि के ईई धीरेंद्र चौहान को बटगेरी, कुनल्ता सड़क पर डामरीकरण के साथ ही वासुकीनाग के लिए सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि वासुकीनाग का धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकास किया जाएगा।
पूर्व प्रधान चंचल सिंह बनकोटी ने जीआईसी बनकोट में प्रधानाचार्य समेत शिक्षकों के तमाम पद रिक्त होने का मामला उठाया। उन्होंने बनकोट में समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर लगाने, बनकोट में दो हैंडपंप लगाने, बनकोट सड़क का सुधारीकरण कराने की मांग उठाई। बासीखेत के सौ परिवार पेयजल सुविधा से वंचित होने का मामला भी शिविर में उठा। कई गांवों में रसोई गैस उपलब्ध कराने, आईटीआई बनकोट में तैनात अनुदेशकों को वेतन न मिलने का मामला उठा। डीएम ने बनकोट में शिविर लगाकर आधार कार्ड बनने के निर्देश दिए। कई विभागों ने स्टाल लगाकर लोगों को विकास योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान एसडीएम अनुराग आर्या, तहसीलदार हरीश चंद्र आर्या, खंड विकास अधिकारी संतोष पंत आदि मौजूद थे।