पिथौरागढ़। गली-मोहल्लों में खेलने वाले खिलाड़ियों के भीतर छुपी प्रतिभाग निखारने के लिए आईपीएल की तर्ज में टेनिस क्रिकेट लीग का आयोजन किया जाएगा। इसमें हुनरमंद खिलाड़ियों को इंडियन टेनिस क्रिकेट लीग के माध्यम से बड़े प्लेटफार्म पर खेलने का अवसर दिया जाएगा।
प्रतियोगिता के आयोजनकर्ता चंद परिवार फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और द इंडो एशियन बुल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन डीबी चंद ने बताया कि भारतीय टेनिस क्रिकेट में स्वर्ण युग की शुरूआत होने जा रही है।
इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर पूरे भारत में गली मुहल्लों में क्रिकेट खेलने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अवसर मिलेगा। इस प्रतियोगिता में कुल आठ फ्रेंचायजी बैंगलोर, मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड और कोलकाता बनाई जाएंगी। देशभर से लगभग 300 योग्य, प्रतिभाशाली और टेनिस के जाने माने खिलाड़ियों का चयन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुंबई, पुणे, अहमदाबाद में चयन प्रक्रिया हो चुकी है। उत्तराखंड में एक जुलाई 2019 को हिमालयन क्रिकेट ग्राउंड, कमलुवागांजा, कालाढूंगी रोड हल्द्वानी में सुबह नौ बजे से सायं चार बजे तक चयन प्रक्रिया होगी। प्रतियोगिता का आयोजन 19 अक्तूबर से 26 अक्तूबर मुंबई के सुप्रसिद्ध डीवाई पाटिल क्रिकेट स्टेडियम में होगा।