पिथौरागढ़। प्रदेश के शिक्षा मंत्री और पिथौरागढ़ के जिला प्रभारी मंत्री अरविंद पांडेय ने लोक निर्माण विभाग के पिथौरागढ़ प्रांतीय खंड में बन रही सड़कों और विभिन्न निर्माण कार्यों में सही गुणवत्ता नहीं होने की शिकायत को गंभीरता से लिया है। उन्होंने 116 निर्माण कार्यों की जांच के आदेश दिए हैं। 116 निर्माण कार्यों की जांच दस दिनों में 12 अवर अभियंता करेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड पिथौरागढ़ के अंतर्गत सड़क और विभिन्न निर्माण कार्यों में सही गुणवत्ता नहीं होने की शिकायत को प्रदेश के शिक्षा मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरविंद पांडेय से की थी। इस शिकायत को प्रभारी मंत्री ने गंभीरता से लेते हुए पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी को इसमें तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने निर्माण कार्यों की जांच शुरू कर दी है। मुख्य विकास अधिकारी वंदना ने बताया कि प्रांतीय खंड पिथौरागढ़ के अंतर्गत कुल 116 कार्य किए जा रहे हैं।
इसमें 12 अभियंता और चार सहायक अभियंता कार्यरत हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि सभी 116 कार्यों की गुणवत्ता की जांच 10 दिन के भीतर 12 अवर अभियंताओं से कराई जा रही है। प्रत्येक जांच रिपोर्ट का सत्यापन विभाग के सहायक अभियंता द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तृतीय पार्टी से भी जांच कराई जाएगी। जिन निर्माण कार्यों में गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाई जाएगी संबंधित के खिलाफ तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।