पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ शहर के खड़कोट, सेरा, जिला पंचायत डाकबंगला परिसर में मंगलवार को पानी नहीं बंटा। लोगों को पानी के लिए हैंडपंपों की शरण में जाना पड़ा।
खड़कोट, सेरा, जिला पंचायत डाकबंगला परिसर में अन्य दिनों सुबह 7 बजे पानी आ जाता है। मंगलवार को भी लोग पानी आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन पानी नहीं आया। लोगों ने कई घंटे तक पानी आने का इंतजार किया। जब पानी नहीं आया तो लोग वैकल्पिक व्यवस्थाओं में जुट गए। लोगों ने जीजीआईसी के पास स्थित हैंडपंप से पीने लायक पानी का इंतजाम किया। इससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई। तमाम पेयजल योजनाएं होने के बाद भी पानी न मिलने से लोगों में रोष पनपने लगा है।
शहर के सिमलगैर, टकाना समेत तमाम इलाकों में एक दिन छोड़कर पानी मिल रहा है। 12 एमएलडी की आंवलाघाट पेयजल योजना से आधा ही पानी मिल रहा है। 2.5 एमएलडी की घाट पंपिंग पेयजल योजना बारहमासी सड़क के मलबे से क्षतिग्रस्त है। घाट योजना से मार्च से पानी नहीं मिल रहा है। जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार को आंवलाघाट योजना से काफी कम पानी मिला। इस कारण खड़कोट क्षेत्र में पानी नहीं बंट पाया। ईई के अनुसार आंवलाघाट से दोपहर बाद पानी लिफ्ट होने लगा है। बुधवार से पानी की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।