झूलाघाट (पिथौरागढ़)। तालेश्वर धाम के कुंड में सड़क निर्माण का मलबा हटाने की मांग को लेकर चल रहा धरना विधायक के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया है। धरना समाप्त होने के कुछ देर बाद ठेकेदार की ओर से कुंड की सफाई के लिए जेसीबी भेज दी गई।
टनकपुर-जौलजीबी सड़क के तालेश्वर के पास बन रही सड़क का मलबा तालेश्वर मंदिर के कुंड में डालने से नाराज तीन गांवों के लोगों ने शुक्रवार को धरना शुरू किया था। लोगों ने विभाग और ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए शीघ्र ही मलबा हटाने के लिए लिखित आश्वासन मिलने के बाद ही धरना समाप्त करने का निर्णय लिया था।
शनिवार को झूलाघाट पहुंचे विधायक विशन सिंह चुफाल ने आंदोलनकारियों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया। विधायक चुफाल ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तुरंत मलबा हटाने के निर्देश दिए। दोपहर में मलबा हटाने के लिए जेसीबी पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। प्रतिनिधि मंडल में कटियानी के प्रधान देव सिंह, पूर्व प्रधान भीम सिंह, भूपेंद्र भट्ट, जय सिंह, चंद्र सिंह, तेज सिंह, सुंदर सिंह मौजूद रहे।