पिथौरागढ़/बेड़ीनाग। सीमांत जिले के कई क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है वहीं जंगलों की आग भी बुझने से वन विभाग ने राहत की सांस ली है। जिला मुख्यालय में बादल एक बार फिर से दगा दे गए।
जिला मुख्यालय में सुबह से ही तेज धूप खिली रही। दोपहर बाद आसमान में बादल तो घिर आए, लेकिन तेज हवाएं उन्हें उड़ा ले गई। बादल छाने से लोगों को गर्मी से काफी हद तक राहत मिली। बेड़ीनाग में सुबह से ही बादल लगे थे। अपराह्न बाद क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने से जनजीवन कुछ देर के लिए प्रभावित रहा।
बारिश का पानी नालियों से सड़कों पर बहने लगा। इससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नाचनी में दोपहर बाद तेज बारिश हुई। बारिश ने बेड़ीनाग वन रेंज के कालीनाग, ऊनी और सितोली के जंगलों में भड़की आग को बुझा दिया। अस्कोट में भी बारिश होने से लोगों को गर्मी से निजात मिली। सीमांत में अधिकांश किसान गेहूं की फसल को समेट अब धान की बुवाई में जुट गए हैं। बारिश को बुवाई के लिए अच्छा बताया जा रहा है।