मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। सड़क चौड़ीकरण से निकला मलबा डपिंग जोन में न डालकर तल्ला दुम्मर ग्राम पंचायत के वन पंचायत की जमीन पर डालने से लोगों में रोष है। ग्राम प्रधान ने एसडीएम और थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र सौंपकर मलबा डंपिंग जोन में डलवाने की मांग की है।
ग्राम प्रधान पंकज सिंह बृजवाल ने उपजिलाधिकारी और थानाध्यक्ष को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि मुनस्यारी में सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। सीमा सड़क संगठन चौड़ीकरण का काम कर रहा है। सड़क निर्माण से निकला मलबा डंपिंग जोन में न डालकर निर्माण स्थल से ही तल्ला दुम्मर वन पंचायत की जमीन पर डाल दिया जा रहा है। इससे वन पंचायत की जमीन के साथ ही तल्ला दुम्मर गांव को खतरा पैदा हो गया है। मलबे से वन पंचायत की काफी लंबी दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है।
कहा है कि मलबा डंपिंग जोन में डालने का मामला लगातार उठाने के बाद भी कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। ग्राम प्रधान ने मलबा डंपिंग जोन में डलवाने की मांग की है। कहा है कि ऐसा नहीं होता है तो गांव पर हर समय खतरा मंडराता रहेगा। उधर, थानाध्यक्ष प्रवीण चौहान का कहना है कि मलबा डालने के मामले में बीआरओ से उनका पक्ष जानकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।