पिथौरागढ़। सीमांत के गांवों में विकास की अनदेखी से ग्रामीणों में रोष है। इसी के चलते छह गांवों के लोगों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। पिथौरागढ़ विधानसभा के ग्रामसभा बांस के मालूवेला किड्याम, तायलपातल और डुमेत गांव के करीब सौ से अधिक मतदाताओं ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। ग्रामीणों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र सड़क का निर्माण नहीं किया गया तो वह पंचायत चुनाव का भी बहिष्कार करेंगे।
ग्रामीण होशियार नाथ, दानी चंद, अर्जुन चंद, उमेद चंद, पूरन नाथ ने बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को हुए मतदान में सौ से अधिक ग्रामीणों ने वोट नहीं डाले। ग्रामीणों ने बताया कि बांस से डुमेत तक चार किमी सड़क के निर्माण के लिए लंबे समय से मांग उठाई जा रही है।
बावजूद उन्हें महज आश्वासन ही दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि अब ग्रामीण झूठे आश्वासनों के भरोसे नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण नहीं किया गया तो वह पंचायत चुनावों का भी बहिष्कार करेंगे।