पिथौरागढ़। धर्मशाला लाइन से एफसीआई गोदाम को आने वाली सड़क की बदहाली से लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पार्किंग निर्माण का कार्य करा रही संस्था पर सड़क को क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
देव सिंह मैदान के नीचे वाहनों की पार्किंग के लिए निर्माण कार्य किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि इसके चलते धर्मशाला लाइन की सड़क बदहाल हो चुकी हैं। सड़क पर जहां-तहां गड्ढे पड़ गए हैं। टूटी सीवर लाइन से गंदा पानी रास्ते पर बह रहा है। इससे उनका पैदल चलना भी दूभर हो गया है। उन्होंने कहा कि पार्किंग निर्माण करा रही संस्था ने मिट्टी और पत्थर सड़क पर फैला रखे हैं।
कहा कि पूर्व में भी इसके खिलाफ प्रदर्शन किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने चेताया कि यदि अव्यवस्थाओं को शीघ्र ठीक नहीं किया गया तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन करने वालों में चंद्रप्रकाश कलौनी, दीवान सिंह मेहता, विनोद पंत, धीरज अरोरा, अरुण, शैलेश गुप्ता, प्रदीप भट्ट, संजय शर्मा, उस्मान, रामस्वरूप, अनूप भट्ट, नवीन खत्री, गोविंद भट्ट, भुवन भट्ट आदि थे।