कनालीछीना (पिथौरागढ़)। सिनखोला और बिछत्ता में 15 दिनों से बिजली गुल है। इस कारण लोगों को जन्माष्टमी के रात के कार्यक्रम निरस्त करने पड़े हैं।
ट्रांसफार्मर फुंकने से सिनखोला और बिछत्ता की 200 परिवारों की बिजली सप्लाई 18 अगस्त से ठप है। लोगों ने उसी दिन बिजली नहीं होने की जानकारी विभाग को दे दी थी, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है, जबकि नया ट्रांसफार्मर 11 दिनों से कनालीछीना सब स्टेशन में पड़ा है, लेकिन विभाग गांव तक ट्रांसफार्मर पहुंचाने के लिए मजदूरों की व्यवस्था नहीं कर पा रहा है।
ग्रामीण पुष्कर धामी, चमन सिंह, जगत सिंह, भवान सिंह ने बताया कि बिजली नहीं होने से दो सितंबर की रात को होने वाले जन्माष्टमी के कार्यक्रम निरस्त करने पड़े हैं। इन लोगों ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मजदूर नहीं मिलने की बात कहकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। वह इस मामले को विद्युत नियामक बोर्ड के सामने रखने जा रहे हैं।
ट्रांसफार्मर 22 अगस्त को कनालीछीना पहुंच दिया गया था। सड़क खराब होने के कारण ट्रांसफार्मर नहीं भेजा जा सका। मजदूरों की व्यवस्था हो नहीं पा रही है। -भीम राम आर्य, अवर अभियंता, यूपीसीएल कनालीछीना।